देहरादून: द्वाराहाट के पूर्व विधायक महेश नेगी को पुलिस के बाद अब अदालत ने दुष्कर्म व अपराधिक धमकी देने के मामले में क्लीन चिट दे दी है। द्वाराहाट की ही एक महिला ने पूर्व विधायक महेश नेगी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। यही नहीं बल्कि पीड़िता ने यह भी दावा किया था कि उसकी पुत्री के पिता विधायक महेश नेगी हैं।
वहीं ऐसे में महिला की ओर से बेटी के भरण पोषण के लिए विधायक के खिलाफ परिवार न्यायालय में मुकदमा दाखिल किया गया। इस मामले में पुलिस पहले ही फाइनल रिपोर्ट दर्ज कर चुकी है। पुलिस का कहना था कि जांच में कोई तथ्य नहीं मिले।
बता दें कि इसके बाद महिला ने अदालत में प्राथनापत्र दाखिल किया, जिसके बाद अदालत के आदेश पर पूर्व विधायक महेश नेगी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में 05 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद महेश नेगी की तहरीर पर महिला के खिलाफ ब्लैकमेल करने का मुकदमा 11 सितंबर को दर्ज हुआ।
पूर्व विधायक की ओर से महिला के खिलाफ दो करोड़ रुपये का मानहानि का दावा भी किया है। यह मामले अदालत में विचाराधीन हैं।